

Indore Boyfriend Kills Woman After Marriage Refusal: इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में तपेश्वरी बाग से जली हुई अवस्था में मिली युवती की मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला था। आरोपी ने युवती की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को जलाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को तपेश्वरी बाग में एक युवती का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर खजराना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच के बाद एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत जलने से नहीं बल्कि गला दबाने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य तथा अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी मृतका का पांच साल पुराना मित्र मयंक शाक्य निकला। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका और आरोपी पिछले पांच वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने अचानक शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया, ताकि मामला आत्महत्या या जलने से मौत का प्रतीत हो।
यह भी पढें:
खजराना पुलिस ने आरोपी मयंक शाक्य निवासी गुप्ता पुरा, चीनोर रोड, डबरा जिला ग्वालियर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य नष्ट करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।