देवास फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले सीएम मोहन, हर संभव मदद का दिया भरोसा, कहा- दोषियों को बख्शेंगे नहीं

CM Mohan Meets Injured Victims: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देवास फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों से इंदौर के अस्पतालों में मुलाकात की। सीएम ने घायलों को मुफ्त इलाज और हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।
CM Mohan Yadav Meets Dewas Factory Blast Victims
अस्पताल में मरीजों से मिलते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

CM Mohan Yadav News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देवास जिले के टोंककलां स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे में घायल लोगों से इंदौर के विभिन्न अस्पतालों में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हादसे से प्रभावित हर परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देवास फैक्ट्री ब्लास्ट की जानकारी मिलते ही सीएम मोहन यादव अपने अन्य कार्यक्रम निरस्त कर नई दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले चोइथराम अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इसके बाद एमवाय अस्पताल और अमलतास अस्पताल में भर्ती घायलों से भी भेंट कर चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कठोर कार्रवाई की जाएगी

सीएम ने कहा कि टोंककलां स्थित पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या अवैध संचालन की गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने घटना की जांच के आदेश देते हुए कहा कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को मध्य प्रदेश शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और सभी घायलों का निःशुल्क इलाज कराने के निर्देश भी दिए हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 5

इस बीच पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में घायल दो अन्य लोगों की देर रात अमलतास अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमर जाटव और गुड्डा के रूप में हुई है। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। गुरुवार को हादसे के तुरंत बाद तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com