PM Modi की अपील का असर: मोहन यादव ने कारकेड छोड़, मेट्रो पकड़ी; दिल्ली में दिखा CM की सादगी का अंदाज

CM Mohan Yadav In Delhi Metro: सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में मेट्रो से सफर कर ईंधन बचत का संदेश दिया। MP सरकार ने अब वर्चुअल कैबिनेट और VIP खर्चों में कटौती के लिए नई गाइडलाइन भी लागू कर दी है।
PM Modi की अपील का असर: मोहन यादव ने कारकेड छोड़, मेट्रो पकड़ी; दिल्ली में दिखा CM की सादगी का अंदाज
सीएम मोहन यादव ने मेट्रो से किया सफर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

CM Mohan Yadav Delhi Metro Travel: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता संबंधी अपील का असर 14 मई को नई दिल्ली में देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक बड़े कारकेड के बजाय आम नागरिकों की तरह मेट्रो ट्रेन से सफर किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनके विचार भी जाने और विकास व विश्वास को साथ लेकर चलने पर चर्चा की।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री की अपील के अनुरूप लगातार ऐसे कदम उठा रहे हैं। इसी दिशा में राज्य सरकार ने कुछ गाइडलाइन भी तैयार की हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि ईंधन की बचत और विदेशों पर निर्भरता कम करने के लिए व्यवहार और जीवनशैली में अनुशासन लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का पालन करना देशहित में है और मजबूत भारत के निर्माण के लिए सोच और जीवन पद्धति में बदलाव आवश्यक है।

शिवाजी स्टेडियम से लेकर दिल्ली एरोसिटी तक की मेट्रो यात्रा

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी स्टेडियम से लेकर दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा की। इस दौरान उनका जनता से आत्मीय संवाद भी हुआ। कुछ महिलाओं ने उनसे कहा कि मध्य प्रदेश बहुत खूबसूरत है। वह प्रदेश के कई हिस्से घूम चुकी हैं। इस पर सीएम डॉ. मोहन ने उन्हें धन्यवाद कहा। दूसरी ओर, कुछ लोगों ने उनके साथ प्रदेश की योजनाओं की जानकारी लेकर उनकी तारीफ की। इस दौरान सीएम डॉ. यादव ने सभी का अभिवादन किया।

सीएम ने दिया ईंधन बचत का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने इस सफर के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण, ईंधन बचत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने बताया कि मेट्रो जैसे साधन न केवल समय की बचत करते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने और ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पहल ‘विकसित भारत’ और ‘ग्रीन मोबिलिटी’ की दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करने वाला एक सकारात्मक संदेश है।”

एमपी सरकार ने बनाई गाइडलाइन

बचा दें कि, इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर हमारी सरकार ने अच्छे से काम किया है। हम भी इस पर काम कर रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि हम सब मिलकर इस पर अमल करेंगे। इस पर अमल करने से देश के लिए डॉलर बचेगा, हमारी विदेश पर निर्भरता कम होगी। हमारी सरकार वर्चुअल रूप से कैबिनेट करने, मंत्रियों और निगम मंडल के पदाधिकारियों को इसके लिए प्रोत्साहित करने का काम कर रही है। हमने इस अपील को लेकर एक गाइडलाइन बनाई है। हम उसकी तरफ आगे बढ़ रहे हैं।

अपने काफिले की कम कर दीं गाड़ियां

बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर पहले ही अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। उन्होंने कैबिनेट में मंत्रियों से भी वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। सीएम डॉ. यादव का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर मध्यप्रदेश गंभीरता से इस पर अमल करेगा। अब उनके दौरे के दौरान वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी। सभी मंत्री भी सफर में कम गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com