इंदौर:पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस की भोपाल तक युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन, यात्रा के बाद स्वच्छता पर उठे सवाल

MP Paper Leak Protest: कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में कांग्रेस ने इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन शुरू की। जीतू पटवारी ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
Indore Congress Paper Leak Cycle Yatra
युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन
Updated on

Indore Congress Paper Leak Cycle Yatra: मध्यप्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय 'युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन' की शुरुआत की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। यात्रा में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी मार्ग परिसर से हुई। यह साइकिल यात्रा आरएनटी मार्ग, रीगल चौराहा, हाईकोर्ट, मालवा मिल, भमोरी, विजय नगर होते हुए शिप्रा तक पहुंचेगी और इसके बाद भोपाल के लिए रवाना होगी।

पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाला

कांग्रेस का आरोप है कि NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। पार्टी ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाए तथा सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

राजनीतिक नहीं, बल्कि युवाओं के स्वाभिमान की लड़ाई

यात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के स्वाभिमान की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी को समान रूप से मिलनी चाहिए और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

स्वच्छता को लेकर खड़े हुए सवाल

युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन में पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि यात्रा समाप्त होने के बाद स्वच्छता को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। गांधी प्रतिमा से निकली रैली के बाद सड़क पर कचरा फैला दिखाई दिया।

भाजपा ने साधा निशाना

इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जेपी मूलचंदानी ने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी के सामने स्वच्छता का संदेश देने का दावा करने वाली कांग्रेस अपने पीछे गंदगी छोड़कर चली गई।

https://youtu.be/_53kgt80B-A?si=Is_Bmn4OVDP_vIbN

Navbharat Live
navbharatlive.com