इंदौर में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अटल जी की प्रतिमा का किया भूमिपूजन, 14D थिएटर की दी सौगात

Atal Bihari Vajpayee Statue : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया, 14-डी थिएटर का लोकार्पण और 25 फीट ऊंची अटल प्रतिमा के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
CM Mohan Yadav Bhoomi Pujan for Atal Bihari Vajpayee Statue
सीएम मोहन यादव ने किया भूमिपूजन(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

CM Mohan Yadav Indore Visit : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अटल जी के मध्यप्रदेश और मालवा से विशेष जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अद्भुत नेता थे, जिन्होंने करीब पांच दशक तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हुए तीन बार देश का नेतृत्व किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की कार्यशैली में संवाद, समाधान और सौहार्दपूर्ण वातावरण के जरिए समस्याओं का समाधान करना प्रमुख था। वहीं, देश की सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने दृढ़ता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल पर भारतीय सेना की कार्रवाई और पाकिस्तान के साथ संवाद के प्रयासों को अटल जी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण मिसाल बताया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर भी उन्हें नमन किया।

वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

इंदौर में वंदे मातरम को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में वंदे मातरम को सम्मान दिया गया, लेकिन इंदौर में कांग्रेस नेताओं द्वारा इसका पूरा सम्मान नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने इस व्यवहार को लेकर कांग्रेस से देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना से जुड़े गीत और प्रतीकों का सम्मान किया जाना चाहिए।

14-डी थिएटर का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में प्रदेश के पहले 14-डी थिएटर का लोकार्पण भी किया। करीब एक महीने के तकनीकी परीक्षण और ट्रायल के बाद इसे आम लोगों के लिए शुरू किया गया है। पीपीपी मॉडल पर तैयार इस परियोजना में दर्शकों को ध्वनि, कंपन, सीट मूवमेंट, हवा, पानी की फुहार और बिजली की गर्जना समेत कुल 14 विशेष इफेक्ट्स का अनुभव मिलेगा। टिकट की कीमत 170 रुपये निर्धारित की गई है और टिकट के साथ भूलभुलैया का आनंद भी लिया जा सकेगा।

डायनासोर से समुद्र की लहरों तक मिलेगा रोमांचक अनुभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि 14-डी थिएटर दर्शकों को डायनासोर के युग से लेकर समुद्र की लहरों और रोमांचक सफर का जीवंत अहसास कराएगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल के कारण इस परियोजना से शासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ा। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में भविष्य में होलोग्राम जू, वर्चुअल जंगल सफारी, आकर्षक वॉटरफॉल, आधुनिक कैफेटेरिया सहित कई अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना भी है।

दशहरा मैदान में बनेगी 25 फीट ऊंची अटल जी की प्रतिमा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के दशहरा मैदान स्थित उद्यान में अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया। नगर निगम द्वारा करीब 197.13 लाख रुपये की लागत से प्रतिमा और पेडस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। गनमेटल से बनने वाली प्रतिमा का निर्माण कार्य करीब चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

CM Mohan Yadav Bhoomi Pujan for Atal Bihari Vajpayee Statue
NEET में 570 अंक फिर भी नहीं मिली सीट तो बदली राह, 21 की उम्र में शुभांगी ने क्रैक कीं 5 सरकारी नौकरियां

युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी प्रतिमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर अटल जी की प्रतिमा केवल स्मारक नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम होगी। यह प्रतिमा युवाओं को अटल जी के राष्ट्रप्रेम, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण से परिचित कराएगी। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com