सीहोर: एक ही परिवार के तीन सदस्य लापता, खेत में पानी देने गए थे माता-पिता और भाई, बेटी लगा रही न्याय की गुहार

Sehore Missing Case : सीहोर के अहमदपुर क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्य 3 नवंबर से लापता हैं। बेटी ने जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका जताते हुए कलेक्टर और एसपी से मदद मांगी।
Three members of the same family missing in Sehore Madhya Pradesh
लापता परिवार की बेटी ने जनसुनवाई में कलेक्टर और एसपी को आवेदन दिया।फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • सीहोर के अहमदपुर थाना क्षेत्र से एक परिवार के तीन सदस्य लापता।

  • सुरेश दांगी, ओमवती दांगी और राजेश दांगी 3 नवंबर से गायब।

  • 3 नवंबर शाम 7 बजे के बाद तीनों के मोबाइल फोन बंद।

  • पुलिस ने टीमें गठित कर जांच शुरू की।

Sehore Three Family Members Missing : एमपी के सीहोर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। अहमदपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले माता पिता और उनका बेटा 3 नवंबर से लापता हैं। परिजनों के मुताबिक तीनों खेत पर पानी देने गए थे लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिवार की तलाश में पुलिस से मदद मांग रही बेटी अब कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तक पहुंची है।

3 नवंबर की शाम के बाद बंद हुए मोबाइल

प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल जिला निवासी किरण दांगी के पिता सुरेश दांगी मां ओमवती दांगी और भाई राजेश दांगी 24 अक्टूबर को सीहोर स्थित अपने गांव गए थे। गांव में परिवार की करीब साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि है जहां वे खेती का काम देखने पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि 3 नवंबर की शाम करीब 7 बजे तक तीनों से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने जल्द भोपाल लौटने की बात भी कही थी। लेकिन इसके बाद तीनों के मोबाइल फोन बंद आने लगे और परिवार का उनसे संपर्क टूट गया।

जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका

लापता लोगों की बेटी किरण दांगी ने जमीन को लेकर पुराने विवाद के आधार पर कुछ स्थानीय लोगों पर अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को संदिग्धों के बारे में जानकारी दी लेकिन अब तक उन्हें परिवार के सदस्यों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। अपने माता पिता और भाई की तलाश के लिए किरण ने जनसुनवाई में कलेक्टर और एसपी को आवेदन सौंपा। उन्होंने अधिकारियों से परिवार की जल्द तलाश कराने और उनकी सलामती सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

Three members of the same family missing in Sehore Madhya Pradesh
इंदौर हत्या-आत्महत्या केस में नया मोड़, आरोपी फैजान गिरफ्तार, काम के बहाने बढ़ाई थी मृतक वर्षा से दोस्ती!

पुलिस की टीमें गठित हर पहलू से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल परिवार को सुरेश दांगी, ओमवती दांगी और राजेश दांगी के सुरक्षित मिलने का इंतजार है।