दतिया उपचुनाव: सिंधिया ने किया भाजपा की जीत का दावा, नीट पेपर लीक पर बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं

Datia By Election: ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत का दावा किया। नीट पेपर लीक मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही।
Union Minister Jyotiraditya Scindia intensified the BJP's campaign for the Datia Assembly by-election, addressing party workers and urging them to ensure a decisive victory for the party
ज्योतिरादित्य सिंधिया (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jyotiraditya Scindia Statement: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। ग्वालियर पहुंचे सिंधिया का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में दतिया उपचुनाव और नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सिंधिया ने कहा कि वह दतिया में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि विकास, दतिया की माटी और क्षेत्र के भविष्य का चुनाव है। उन्हें पूरा विश्वास है कि दतिया की जनता भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अपना आशीर्वाद देगी और भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

भाजपा पर भरोसा जताएगी जनता

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। दतिया की जनता विकास कार्यों को देखते हुए भाजपा पर भरोसा जताएगी और इस बार भी पार्टी का परचम लहराएगा।

छात्रों के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं

नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर सिंधिया ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक का मामला बेहद गंभीर है और सरकार इस पूरे प्रकरण को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से देख रही है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

सिंधिया ने कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से इस मामले में दोषियों को दंडित किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भाजपा विकास, सुशासन और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। दतिया उपचुनाव में जनता भाजपा को समर्थन देकर विकास की इस यात्रा को और मजबूत करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com