

Bhopal Youth Protest: नीट पेपर लीक मामले, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में देरी के विरोध में गुरुवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में युवाओं का बड़ा प्रदर्शन हो रहा है। 'मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट' के बैनर तले आयोजित राज्यव्यापी आंदोलन में प्रदेशभर से छात्र, युवा और नर्सिंग छात्र बड़ी संख्या में नीलम पार्क पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं को रोजगार और विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया। उन्होंने इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
युवा संगठनों ने प्रदेश और देश में बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। युवाओं ने रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में मध्य प्रदेश के चर्चित नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े का मुद्दा भी उठाया गया। युवाओं ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के फैसले का विरोध करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।
बड़े स्तर पर आयोजित प्रदर्शन को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। नीलम पार्क और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।