ग्वालियर में पति ने चरित्र शंका की वजह से की पत्नी की हत्या।
हत्या के बाद रातभर शव के साथ सोता रहा आरोपी।
हार्ट अटैक से मौत की झूठी कहानी बनाई।
12 साल की बेटी ने खोला पिता की करतूत का राज।
पुलिस हिरासत में आरोपी, पूछताछ में हत्या कबूली।
Wife Death Case Gwalior: ग्वालियर में करवा चौथ मनाने आये जम्मू-कश्मीर से छुट्टी लेकर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान ने पत्नी की गला घोंटकर नृशंस हत्या कर दी। हत्या की वजह चरित्र शंका बताई जा रही है। हत्या करने के बाद आरोपी रात भर पत्नी के शव के साथ सोया।
पत्नी का अंतिम संस्कार करने के लिए हार्ट अटैक से मौत हो जाने की कहानी बनाई थी लेकिन 12 साल की बेटी ने पिता की हैवानियत का राज खोल दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या करना कुबूल किया है।
भिंड जिले का रहने वाला आरोपी ज्ञान सिंह सशस्त्र सीमा बल में जवान है और वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात है। ज्ञान सिंह, पत्नी और बच्चों के साथ मुरार थाना क्षेत्र के ग्राम खुरैरी में किराए के मकान में रहता है। कुछ दिनों से उसके पिता भी साथ ही रह रहे थे। 27 अक्टूबर को करवा चौथ पर ज्ञान सिंह छुट्टी पर घर आया था। रविवार को वह अपने पिता को भिंड छोड़ने गया था और वापस लौटने पर उसने अपनी पत्नी रिंकी को किसी से मोबाइल फोन पर बात करते हुए देख लिया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। ज्ञानसिंह की बेटी की मानें तो पिता ने माँ रिंकी को जमीन पर पटक कर उसकी छाती पर पैर रखकर उसका गला घोंट दिया।
घटना के समय उसका नाबालिग बेटा भी घर पर ही मौजूद था। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का शव बेडरूम में रखा और रात भर उसी कमरे में सोता रहा। सुबह होते ही ज्ञानसिंह पत्नी के शव को कार में रखकर अपने गांव छौंदा जिला भिंड पहुंचा। जहां से रिंकी के मायके वालों को फोन सूचना दे दी कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। ससुराल पहुंचे मायके पक्ष को रिंकी के शरीर पर चोट के निशान देखकर शक हो गया। उन्होंने जब आरोपी ज्ञान सिंह से रिंकी के शरीर पर नजर आ रही चोटों के बारे में जानना चाहा तो उसने सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया।
ज्ञान सिंह की 12 साल की बेटी ने चुपके से अपने मामा को पिता की हैवानियत के बारे में बता दिया। भेद खुलता देख आरोपी ज्ञान सिंह मौके से फरार हो गया। भिंड में दिन भर चले हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर रिंकी के परिजन सोमवार देर रात शव को ग्वालियर लेकर आए। फिलहाल ग्वालियर पुलिस ने आरोपी ज्ञान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कुबूल किया है और हत्या की वजह चरित्र शंका बताया है। पुलिस शव की फॉरेसिक जांच और पोस्टमार्टम करा रही है। ताकि आरोपी के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार किया जा सके।