Highlights :
भोपाल के शाहजहाँनी पार्क में प्रदेशभर के सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन।
18 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा।
वेतन वृद्धि और नियमितीकरण की मांग प्रमुख।
4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।
MP Safai Karamchari Protest in Bhopal : राजधानी भोपाल में दिवाली से पहले सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी शाहजहाँनी पार्क में इकट्ठे हुए। कर्मचारी 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।
उनका कहना है कि लंबे समय से सरकार और प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रख रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। कर्मचारी अब मांगों पर ठोस निर्णय चाहते हैं।
प्रदर्शन के दौरान वेतन वृद्धि लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का नियमितीकरण और सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कर्मचारियों का कहना है कि शहरों की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनकी आर्थिक सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
जिला भोपाल अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार या तो हम दिवाली मनाएंगे या सरकार। उन्होंने कहा कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।
आंदोलन अब प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी तक पहुंच गया है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 4 नवंबर से प्रदेश के नगरीय निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। इससे नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
सफाई कर्मचारी इससे पहले भी नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता और दुर्घटना बीमा जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। जुलाई में भोपाल में हुए प्रदर्शन के दौरान भी इन मुद्दों को उठाया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर अब निर्णय लिया जाना चाहिए।
अब निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। सवाल ये है कि क्या दिवाली से पहले सफाई कर्मचारियों की 18 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस फैसला होगा या 4 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल के कारण नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था प्रभावित होगी।