ग्वालियर: नगर निगम की पानी की टंकी में सांप मिलने का दावा, रहवासियों में आक्रोश, देखें VIDEO

Snake Found in Nagar Nigam Water Tank: नगर निगम की पानी टंकी से सांप निकालते हुए युवकों का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि युवकों का कहना है कि उन्होंने मजाक में वीडियो बनाया था। सांप बाहर मिला था।
Gwalior Water Tank Snake Video
पानी टंकी से मरा हुआ सांप निकालता युवक (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Gwalior Water Tank Snake Video: ग्वालियर नगर निगम की पानी टंकी में मरा सांप मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। वार्ड 10 के घासमंडी मिर्जापुर मस्जिद इलाके की जिस टंकी में मरा सांप मिला है, वहां से 16-19 हजार लोगों को पानी सप्लाई होती है।

वीडियो सामने आने के बाद से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा इतनी भयंकर लापरवाही कैसे हो सकती है? हालांकि घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, जिसमें सांप निकालने वाला युवक कह रहा है कि पानी के अंदर सांप नहीं मिला था।

सांप निकालते दिखा युवक

X पर शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लकड़ी की मदद से पानी की टंकी के अंदर से मरा हुआ सांप निकालता है। वह कहता है- ये देखिए घासमंडी वार्ड क्रमांक 10 की टंकी में सांप निकला है। इससे लोग पानी पीते हैं। सरकार इसको साफ कराए। वीडियो सामने आने के बाद लोग नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे कि आखिर इस तरह की लापरवाही कैसे हो सकती है

पानी के अंदर नहीं मिला सांप

हालांकि एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें सांप निकालने वाला युवक कह रहा है कि मैं यहीं रहता हूं। मुझे यहीं बाहर सांप मरा पड़ा मिला था। फिर हम उसको अंदर ले गए और वीडियो बना ली। पानी के अंदर सांप नहीं मिला था। वीडियो में दिखाई देने वाला दूसरा लड़का कहता है- मजाक-मजाक में वीडियो बना ली थी, सांप घूड़े पर पड़ा मिला था। हम इसके लिए माफी मांगते हैं। पानी गंदा नहीं है। अब ये जांच का विषय है क्या सच में सांप मरा मिला था या नहीं?

पार्षद बोले- जानकारी नहीं

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद शकील मंसूरी से जब इस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। दो-तीन दिन पहले कुछ लोगों द्वारा उन पर हमला किया गया था, जिसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं और वह फिलहाल एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पार्षद को यह भी जानकारी नहीं है कि टंकी कितनी पुरानी है और कब से साफ नहीं की गई है?

इससे पहले पानी टंकी में छिपकलीं मिली थीं

ग्वालियर में इस तरह का एक और मामला सामने आ चुका है। जब नगर निगम द्वारा इस तरह की लापरवाही और अनदेखी सामने आई थी। करीब डेढ़ महीने पहले यहां की एक पानी टंकी में मरी हुई छिपकलियां मिली थी। ये घटना मार्च महीने में मानपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लैटों की पानी की टंकी में देखी गई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com