मध्य प्रदेश के 8 जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट, ज्यादातर जिलों में दिखेगा गर्मी का असर

Rain And Thunderstorm Alert: मध्य प्रदेश के 8 जिलों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा और लू भी चलेगी।
Madhya Pradesh Weather Update:
बारिश (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

 MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश में दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) एक्टिव होने से सोमवार को भी कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंडला, सिवनी समेत 8 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

IMD भोपाल के अनुसार बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

आज इन जिलों में दिखेगा गर्मी का असर

सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर जिलों में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

18 जिलों में छाए रहे बादल

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के करीब 18 जिलों में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय रहने से यह स्थिति बनी हुई है।

रतलाम में पारा 45 के पार

बीते दिन रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में मई महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके अलावा शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

बड़े शहरों का तापमान

मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 40.4 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री, ग्वालियर में 38.4 डिग्री और जबलपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में लू का असर अधिक देखने को मिल सकता है।

मई में पहली बार तेज गर्मी

प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार आंधी-बारिश का दौर जारी था। 10 मई तक कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कभी पश्चिमी विक्षोभ, तो कभी चक्रवात और टर्फ सिस्टम के असर से मौसम बदलता रहा। अब बारिश के बाद प्रदेश में पहली बार तेज गर्मी और लू का असर बढ़ने लगा है।

https://youtu.be/LISoMPCXHW4?si=82CDmYTLkj4cqWep

Navbharat Live
navbharatlive.com