ग्वालियर: शादी के 5 महीने बाद रजनी की मौत, 4 पन्नों को पुलिस ने माना सुसाइड नोट, पति, सास और ननद पर FIR

Gwalior Crime News : ग्वालियर में शादी के पांच महीने बाद रजनी कुशवाह की मौत के मामले में पुलिस ने डायरी के चार पन्नों को सुसाइड नोट माना। पति, सास और ननद पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है।
Police investigate the death of newlywed Rajni Kushwah in Gwalior
मृतक रजनी कुशवाहफाइल फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Gwalior Rajni Kushwah Suicide Case : ग्वालियर में शादी के महज पांच महीने बाद नवविवाहिता रजनी कुशवाह की मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान मृतका की रूटीन डायरी के चार पन्नों को सुसाइड नोट माना है। पुलिस के मुताबिक, डायरी में लिखी बातों और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और खुदकुशी के लिए विवश करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

मामला जनकगंज थाना क्षेत्र के चावड़ी बाजार का है। यहां रहने वाली रजनी कुशवाह ने 12 सितंबर की रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।

मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

जांच के दौरान मृतका के भाई, मां और अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही रजनी को कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाते थे। परिजनों ने पति लीलाराम कुशवाह, सास सरिता कुशवाह और ननद दुर्गा कुशवाह पर रजनी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। मायके पक्ष ने नवविवाहिता की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया।

रूटीन डायरी के चार पन्नों में लिखी थीं बातें

ग्वालियर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा मौका तैयार किया। कमरे की तलाशी के दौरान मृतका की रूटीन डायरी मिली, जिसके चार पन्नों में उसने अपनी पीड़ा लिखी थी। पुलिस ने इन पन्नों को सुसाइड नोट माना है। डायरी में लिखी एक बात के मुताबिक, “मर्द चाहता है जब वो हंसे तो हम हंसे, वो कहे वैसा ही करें। हमारी खुद की कोई वैल्यू नहीं है।” पुलिस ने डायरी के साथ मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगाने से दम घुटना सामने आई है। मर्ग जांच, डायरी में लिखी बातों और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया गया है।

Police investigate the death of newlywed Rajni Kushwah in Gwalior
ग्वालियर: विंडसर हिल्स सोसायटी की दीवार गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, मेंटेनेंस मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जनकगंज की सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि नवविवाहिता की खुदकुशी के मामले में मर्ग जांच के बाद पति, सास और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में दहेज के लिए प्रताड़ित करने के तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com