ग्वालियर में 200 रुपए के स्टांप की एंट्री को लेकर वेंडर पर फायरिंग, पुलिस ने आरोपी को अयोध्या से दबोचा

Gwalior Crime News : ग्वालियर में 200 रुपए के स्टांप की एंट्री को लेकर वेंडर पर फायरिंग करने वाले आरोपी एजाज उर्फ अयाज खान को पुलिस ने फैजाबाद के होटल से गिरफ्तार किया। देसी कट्टा बरामद किया है।
Gwalior police arresting accused Ajaz Khan in the stamp vendor firing case
फायरिंग का आरोपी गिरफ्तारफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Gwalior Firing Accused Arrested : ग्वालियर में 200 रुपए के स्टांप की एंट्री को लेकर हुए विवाद में स्टांप वेंडर पर दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले आरोपी को इंदरगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान एजाज उर्फ अयाज खान (25) निवासी 24 बीघा, बहोड़ापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अयोध्या के फैजाबाद स्थित एक होटल से पकड़ा है। आरोपी पेशे से टाइप राइटर है।

घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे ओल्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पीछे की है। यहां तरुण वर्मा की स्टांप वेंडर की दुकान है। इसी इलाके में एजाज टाइपिंग का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को एजाज ने तरुण की दुकान से 200 रुपए का स्टांप खरीदा था, लेकिन उसकी रजिस्टर में एंट्री नहीं कराई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि अगले दिन एजाज ने स्टांप की एंट्री करा ली थी और मामला उस समय शांत हो गया था।

शराब के नशे में दुकान पर पहुंचा और की फायरिंग

पुलिस के अनुसार शनिवार को एजाज शराब के नशे में तरुण की दुकान पर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पहले तमंचे से हवाई फायर किया। इसके बाद तरुण वर्मा को निशाना बनाकर गोली चला दी। पुलिस और पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने दो फायर किए थे। इनमें से एक गोली लक्ष्य से चूक गई, जिससे तरुण बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद फैजाबाद भाग गया था आरोपी

ग्वालियर में फायरिंग की सूचना मिलने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने तरुण वर्मा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के फैजाबाद पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसकी लोकेशन ट्रेस की और एक होटल से एजाज को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का निकाला जुलूस, घटनास्थल पर कराया सीन रिक्रिएशन

ग्वालियर लाने के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को दोहराते हुए वारदात की जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस ने लोगों को ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश भी दिया।

Gwalior police arresting accused Ajaz Khan in the stamp vendor firing case
उज्जैन में भीषण हादसा, मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की बस में अचानक लगी आग; धू-धू कर जली गाड़ी

फायरिंग में इस्तेमाल देसी कट्टा बरामद

ग्वालियर पुलिस ने आरोपी एजाज की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने वारदात के लिए हथियार कहां से हासिल किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com