ग्वालियर में कारोबारी पर पिस्टल तानकर फायरिंग, स्कूटी सवार बदमाशों ने कार का कांच तोड़ा, पीछा कर चलाई गोली

Gwalior Crime News : ग्वालियर के सिरोल में स्कूटी सवार बदमाशों ने कारोबारी की कार का कांच तोड़कर चलती गाड़ी पर फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी CCTV में कैद हुए हैं और उनकी तलाश जारी है।
CCTV footage of scooter-borne suspects allegedly firing at a businessman's car in Sirole
ग्वालियर में कारोबारी पर फायरिंगफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में कारोबारी की कार पर फायरिंग।

  • बदमाशों ने पिस्टल के बट से कार का कांच तोड़ा।

  • पीड़ित ने जिम में पुराने विवाद के बाद रंजिश का आरोप लगाया।

  • पुलिस के मुताबिक, आरोपी CCTV फुटेज में फायरिंग करते दिखाई दिए हैं।

Gwalior Businessman Firing Case : ग्वालियर शहर के सिरोल थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी की कार को ओवरटेक कर पिस्टल के बट से कांच तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी की चलती कार पर फायरिंग कर दी। घटना मॉडल टाउन और एमके सिटी रोड की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

पीड़ित की पहचान हरगोविंद का पुरा, गोहद, भिंड निवासी मनकरन सिंह सरदार के रूप में हुई है। वह फिलहाल सिरोल स्थित ब्लू लोटस हिल में रहता है। मनकरन ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त से मिलकर पजेरो कार से घर लौट रहा था। अलकापुरी सिटी सेंटर से एमके सिटी होते हुए सिरोल की ओर जाते समय काली स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

पिस्टल के बट से कार का कांच तोड़ा

मनकरन के मुताबिक, एमके सिटी रोड पर स्कूटी सवार बदमाश कार के पास आए और ड्राइविंग सीट की तरफ का कांच पिस्टल के बट से तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पिस्टल से फायर करने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से घबराकर कारोबारी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से निकलने का प्रयास किया।

पीछा कर चलती कार पर चलाई गोली

ग्वालियर में फायरिंग मामले में पीड़ित ने बताया कि कार की रफ्तार बढ़ाने के बावजूद बदमाशों ने उसका पीछा किया और चलती कार पर पीछे से फायरिंग कर दी। गोली कार के बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने अलापुर तिराहे पर एक बार फिर उसे घेरने और गोली चलाने की कोशिश की। मनकरन किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

जिम में विवाद के बाद रंजिश का आरोप

मनकरन ने सफेद शर्ट पहने एक बदमाश की पहचान अभिषेक शर्मा उर्फ बेटू पंडित के रूप में की है। दूसरे आरोपी ने काली-सफेद चेक शर्ट पहन रखी थी। पीड़ित के अनुसार, मार्च में जिम में अभिषेक के साथ उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद से अभिषेक उससे रंजिश रखने लगा था और अपने दोस्तों के जरिए धमकियां भी दिलवा चुका था।

डर के कारण अगले दिन थाने पहुंचा पीड़ित

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद डर के कारण उसने उसी दिन पुलिस से शिकायत नहीं की। अगले दिन वह सिरोल थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

CCTV footage of scooter-borne suspects allegedly firing at a businessman's car in Sirole
भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या, खंडहर में मिला शव, थाने के बाहर चक्काजाम, हिरासत में संदेही

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

ग्वालियर के सीएसपी रवि भदौरिया के मुताबिक, सिरोल थाना क्षेत्र में कारोबारी की कार पर फायरिंग की घटना हुई है। आरोपी सीसीटीवी कैमरों में फायरिंग करते हुए कैद हुए हैं। ग्वालियर पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com