

Highlights:
धार जिले के पीथमपुर में महू-नीमच हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से बाइक सवार तीन बच्चों की मौके पर मौत।
मृतकों में दो सगे भाई प्रियांश और मोक्ष के साथ उनकी मौसेरी बहन आरुषि शामिल।
तीनों बच्चे सेंट फ्रांसिस स्कूल से घर लौट रहे थे।
पुलिस ने ट्रॉला जब्त किया, आरोपी फरार है।
Pithampur Road Accident : धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर दो सगे भाई और उनकी मौसेरी बहन सवार थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और जूते बिखर गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के मुताबिक, पीथमपुर की उत्कर्ष आंगन कॉलोनी निवासी प्रियांश 9वीं कक्षा में पढ़ता था। वह गुरुवार को स्कूल नहीं गया था। दोपहर करीब 2 बजे वह अपने छोटे भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि को लेने सेंट फ्रांसिस स्कूल पहुंचा था। मोक्ष 5वीं और आरुषि 7वीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल से दोनों को लेकर प्रियांश बाइक क्रमांक MP 40 ML 4037 से घर लौट रहा था। इसी दौरान महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पीथमपुर में हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉले की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और बच्चे करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर उनके स्कूल बैग, किताबें और जूते बिखरे पड़े थे। हादसे की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। बाइक के नंबर के आधार पर मृत बच्चों की पहचान की गई और उनके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भेजे।
पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रॉले को जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने हाईवे पर यातायात सामान्य कराने के लिए रास्ता भी खुलवाया।