

Boring Machine Accident Pithampur: औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। बोरिंग मशीन के साथ चल रहे सपोर्ट वाहन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त तीनों लोग गाड़ी के नीचे सो रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के रहने वाले ये तीनों मजदूर रात में काम खत्म करने के बाद बोरिंग मशीन के पास खड़ी सपोर्ट वाहन के नीचे आराम करने के लिए लेट गए थे। इसी बीच चालक ने बिना नीचे की स्थिति देखे लापरवाही में गाड़ी को पीछे कर दिया। भारी वाहन के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरिंग का काम चल रहा था। मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद थककर वाहन के नीचे ही सो गए थे। हादसे में रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) की जान चली गई। तीनों मृतक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग गांवों के निवासी थे और काम के सिलसिले में पीथमपुर आए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। फरियादी रमेश इक्का की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है।
बता दें कि हादसे के तुरंत बाद मध्य प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही, उनके परिजनों को सूचना देकर बुलाया है। उनके आने के बाद और पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएंगा। गौरतलब है कि इस हादसे में अब तक न ही कोई रंजिश की आशंका लगाई गई है और न ही वाहन चालक का कोई पुराना विवाद तीनों मजदूरों के साथ निकल कर आया है। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच हर एंगल से करने में जुट गई है।