

Dhar Drunk Man Slap Police Official: मध्य प्रदेश के धार जिले में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई तक की नौबत आ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और थप्पड़बाजी होती दिखाई दे रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मांडव नाका का बताया जा रहा है, जहां पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। उसी दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
वीडियो में देखा जा सकता है कि वाहन के दस्तावेजों की जांच के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और युवक ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी पर हाथ उठा दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई, जिससे वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
धार जिला कोतवाली पुलिस के मुताबिक, आरोपित युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था। वाहन जांच के दौरान वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था और जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रहा था। पुलिस द्वारा उसे समझाने और रोकने का प्रयास किया गया लेकिन इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और अभद्र व्यवहार करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
धार पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने या शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है जिससे पूरे घटनाक्रम की वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस ने साफ किया है कि मांडव नाका क्षेत्र में वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।