दतिया में गरजे नरोत्तम मिश्रा, कहा- 'अशुतोष तिवारी में क्षमता नहीं, किसी और ने काटा टिकट', किसकी ओर था इशारा?

Datia By Election News : दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा बयान दिया। बोले- आशुतोष तिवारी में टिकट काटने की क्षमता नहीं, टिकट किसी और ने काटा है।
Narottam Mishra Statement
नरोत्तम मिश्रा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Narottam Mishra Statement:  दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा का दर्द भरे मंच पर आंसुओं के रूप में सामने आ गया था, लेकिन अब वे फिर अपने पुराने अंदाज में बयान देते हुए नजर आ रहे हैं। दतिया में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समर्थकों से कहा कि हमें भाजपा से बदला नहीं लेना है। हमें कांग्रेस और पुलिस-प्रशासन से बदला लेना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी में उनका टिकट काटने की क्षमता नहीं है, टिकट किसी और ने काटा है। उनके इस बयान के बाद सवाल है कि नरोत्तम का इशारा किसकी ओर था?

हजारों की संख्या में जुटे समर्थकों को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने के बाद समर्थकों द्वारा किए गए बवाल और नाराजगी को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा 'लोग कह रहे हैं कि हमें भाजपा और आशुतोष तिवारी से बदला लेना है। अरे हमें कांग्रेस और पुलिस प्रशासन से बदला लेना है। भाजपा से नहीं। तुम कह रहे हो कि आशुतोष तिवारी (भाजपा उम्मीदवार) से बदला लेना है उसने टिकट काट दी? आशुतोष में टिकट काटने की क्षमता नहीं है। टिकट काटने वाले कोई और हैं? वहां तक जाने की तुम्हारी क्षमता नहीं है।

'कहीं भी गुस्सा मत निकालो'

नरोत्तम मिश्रा यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा 'जो बात करनी है वो हम करेंगे, लेकिन तुम कहीं भी गुस्सा मत निकालो। मेरे बेटों ब्रह्मास्त्र गलत जगह दाग दिया तो जो मुख्य युद्ध है उसमें तुम चूक जाओगे। पूरा शहर मेरे दिल के नजदीक है। इतना प्यार मिला और क्या चाहिए? आपके प्यार के आगे विधायकी कहां लग रही है?

'पार्टी हमारी मां है'

मिश्रा ने कहा कि पार्टी हमारी मां है और हमें मां का ध्यान रखना है। मां के दूध का कर्ज चुकाने का अवसर कभी-कभी आता है। अब सवाल आशुतोष तिवारी का नहीं है सवाल भाजपा का है। सवाल आज मेरा नहीं है, सवाल भाजपा का है। तुम बताओ की पश्चिम बंगाल में भाजपा जीती तो तुम खुश हुए थे ना, लेकिन वहां के किसी नेता का तुम्हें नाम भी मालूम है? तुम आदमी नहीं पार्टी देख रहे थे ना। इसी तरह लोग ये देखेंगे कि दतिया में भाजपा जीती या नहीं, किसी व्यक्ति को नहीं देखेंगे।

'किसकी ओर था नरोत्तम का इशारा ?'

नरोत्तम मिश्रा के इस बयान के बाद दतिया की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जब उन्होंने कहा कि 'आशुतोष तिवारी में टिकट काटने की क्षमता नहीं है, टिकट काटने वाले कोई और है' तो राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगा कि आखिर उनका इशारा किसकी ओर था? क्या नरोत्तम मिश्रा किसी बड़े राजनीतिक चेहरे की भूमिका की बात कर रहे थे या फिर यह संदेश पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की कोशिश थी? हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान ने दतिया की राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com