दतिया NH-44 पर सनसनी, उपराय गांव के पुल के पास मिला महिला का अधजला शव; दहल उठा गोराघाट इलाका

NH-44 Dead Body Found: दतिया के गोराघाट में NH-44 पर मिला 30 वर्षीय अज्ञात महिला का अधजला शव, हत्या कर पहचान मिटाने की आशंका, हाथों पर मिली मेहंदी से शिनाख्त में जुटी पुलिस।
Half-burnt body of a woman found near Uparay village bridge on NH-44
दतिया में मिला महिला का जला हुआ शव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Datia Dead Body Of Woman Found: दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र में एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई है। नेशनल हाईवे-44 पर उपराय गांव के पास मिले इस शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब उपराय गांव के निकट नेशनल हाईवे-44 पर पुल के पास एक महिला का अधजला शव पड़ा मिला। सड़क से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

दो दिन पुराना हो सकता है शव

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंका गया और फिर पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसे आग के हवाले कर दिया गया। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास है और शव लगभग दो दिन पुराना लग रहा है।

घटनास्थल पर मिले अहम सुराग

घटनास्थल से मिले कुछ अहम सुराग जांच को नई दिशा दे सकते हैं। पुलिस को महिला के हाथों में मेहंदी के निशान मिले हैं जबकि पास ही उसके बालों का जूड़ा भी बरामद हुआ है। शव पर केवल ब्लाउज होने से मामला और भी संदिग्ध नजर आ रहा है। दतिया पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला के साथ किसी प्रकार की हिंसा या अन्य आपराधिक घटना तो नहीं हुई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com