भोपाल पुलिस ने किया मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफास, 22 मोबाइल और 4 स्पोर्ट्स बाइक जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार

Snatching Gang Member Arrest: भोपाल के अयोध्यानगर में पल्सर-KTM से लूट करने वाले खतरनाक मोबाइल स्नैचिंग गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार, 22 मोबाइल और 4 स्पोर्ट्स बाइक बरामद, सरगना फरार।
Bhopal police dismantles mobile snatching gang operating across city
भोपाल में स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhopal Snatching Gang Exposed: भोपाल के अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग का मास्टरमाइंड अभी भी फरार है।

आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, 4 स्पोर्ट्स बाइक और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक छुरी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को शहर में लगातार बढ़ रही मोबाइल लूट और स्नैचिंग की घटनाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

स्पोर्ट्स बाइक से करते थे वारदात, विरोध करने पर दिखाते थे छुरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक, विशेष रूप से केटीएएम और पल्सर जैसी मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे। गिरोह के सदस्य शहर की सड़कों पर मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहे लोगों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेते थे। यदि कोई व्यक्ति विरोध करता या उन्हें पकड़ने की कोशिश करता, तो आरोपी छुरी दिखाकर डराते और मौके से फरार हो जाते थे। उनकी तेज रफ्तार बाइक पुलिस और आम लोगों के लिए उन्हें पकड़ना मुश्किल बना देती थी।

कई थाना क्षेत्रों में फैला था नेटवर्क

पुलिस के अनुसार गिरोह काफी शातिर तरीके से काम करता था। वारदात के दौरान आरोपी अपनी बाइकों की नंबर प्लेट बदल देते थे, जिससे सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच में उनकी पहचान न हो सके। इस गैंग ने अयोध्यानगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीला जमालपुरा समेत कई थाना क्षेत्रों में दर्जनों घटनाओं को अंजाम दिया है। अब तक पुलिस ने इस गैंग से जुड़े 12 मामलों का खुलासा कर लिया है और अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।

सस्ते दामों में बेचते थे लूटे गए मोबाइल

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी लूटे गए मोबाइल फोन को महज 3 से 4 हजार रुपये में बेच देते थे। इन पैसों का इस्तेमाल वे अपने महंगे शौक पूरे करने और मौज-मस्ती में करते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गैंग के फरार मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।