दतिया के विशाल हत्याकांड़ में नया मोड़, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज; कुशवाहा समाज पहुंचा SP ऑफिस

Crime News Datia: दतिया में विशाल कुशवाहा हत्याकांड पर गरमाया माहौल, आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कुशवाहा समाज और एएसपी का प्रदर्शन, शस्त्र लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव।
Kushwaha Samaj reaches SP office demanding arrest of murder accused
विशाल कुशवाहा हत्याकांड़ को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा कुशवाहा समाज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Vishal Kushwaha Murder Case: दतिया के चर्चित विशाल कुशवाहा हत्याकांड को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज कुशवाहा समाज और आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की और मामले को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

प्रदर्शन के दौरान दतिया जिले का कुशवाहा समाज और आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विशाल कुशवाहा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों अमित तिवारी और बंटी तिवारी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जिससे पीड़ित परिवार में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है। उन्होंने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करे।

क्रॉस केस की निष्पक्ष जांच की भी मांग

प्रदर्शनकारियों ने केवल गिरफ्तारी की मांग ही नहीं की, बल्कि मामले में दर्ज क्रॉस केस की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। समाज के लोगों ने कहा कि विशाल कुशवाहा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

पुलिस ने एएसपी को सौंपी जांच, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण का प्रस्ताव

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला को सौंप दी है। वहीं हत्याकांड के आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए कलेक्टर को प्रस्ताव भी भेजा गया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com