दतिया उपचुनाव: दतिया में दोपहर 3 बजे तक 61.99% मतदान, ग्रामीण क्षेत्रों में बूथों पर लगी लंबी कतारें

Datia By Election: दतिया उपचुनाव में दोपहर 3 बजे तक 61.99% वोटिंग, सिरोल और जिगना में फर्जी मतदान के आरोपों से गरमाया माहौल, नरोत्तम मिश्रा और जीतू पटवारी में जुबानी जंग, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे।
The Datia Assembly by-election recorded 61.99 percent voter turnout till 3 PM, with enthusiastic participation reported from both urban and rural polling stations
3 बचे तक दतियामें 61.99 प्रतिशत वोटिंग (सोर्स- नवभारत लाइव)
Updated on

Datia By Election Voting Update: दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। दोपहर तीन बजे तक 61.99 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

जिले के 291 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान संपन्न होने के बाद 3 अगस्त को मतगणना होगी, जिसके साथ ही उपचुनाव के नतीजे सामने आएंगे।

कांग्रेस ने लगाए फर्जी वोटिंग के आरोप, सिरोल और जिगना में बढ़ा विवाद

मतदान के बीच कांग्रेस ने सिरोल क्षेत्र में गड़बड़ी की आशंका जताई। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और चुनाव अधिकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं जिगना मतदान केंद्र पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर बाहरी लोगों से फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। इन आरोपों के बाद कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया, हालांकि जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मतदान की प्रक्रिया को सुचारु रूप से जारी रखा। निर्वाचन अधिकारियों ने सभी शिकायतों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

नरोत्तम मिश्रा बोले- हार दिखती है तो कांग्रेस आरोप लगाती है

कांग्रेस के आरोपों पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी हार की स्थिति में होती है, तब चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। यह उनकी हताशा और निराशा का परिचायक है। टिकट कटने के बाद भावुक होने के सवाल पर मिश्रा ने कहा कि वह टिकट नहीं, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं को लगी चोट से भावुक हुए थे। दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि दतिया में पूरी सरकार चुनाव लड़ रही है, इसके बावजूद कांग्रेस 25 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।

ईवीएम में आई तकनीकी खराबी, सड़क की मांग पर ग्रामीणों ने किया मतदान बहिष्कार

मतदान शुरू होने से पहले बूथ क्रमांक 186 पर वीवीपैट, बूथ 108 पर बैलेटिंग यूनिट और बूथ 290 पर कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी सामने आई। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मशीनें समय रहते बदल दी गईं, जिसके कारण तय समय पर मतदान शुरू हो गया।

वहीं बसई के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर "सड़क नहीं तो वोट नहीं" का नारा लगाते हुए मतदान का बहिष्कार कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया, जिसके बाद गांव में मतदान सामान्य रूप से जारी रहा।

https://youtu.be/Wsq2HAE3Wsg?si=p7fLs0ptGmj1pIr_

Navbharat Live
navbharatlive.com