दतिया उपचुनाव: जिला कांग्रेस की मीटिंग में बनी रणनीति, पूर्व मंत्री बोले- कार्यकर्ताओं के दम पर जीतेगी पार्टी

Datia By Election 2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में पूर्व मंत्री सचिन यादव ने कार्यकर्ताओं से जीत का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
Datia Congress Meeting
दतिया कांग्रेस की मीटिंग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Datia Congress Meeting : दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विधानसभा उपचुनाव प्रभारी एवं सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा तथा विधायक दिनेश गुर्जर भी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिन यादव ने कहा कि दतिया विधानसभा का उपचुनाव जनता पर थोपा गया चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है और वर्ष 2023 की तरह इस बार भी दतिया की जनता अहंकार का अंत करते हुए कांग्रेस को जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटा है और जनता के आशीर्वाद से पार्टी उपचुनाव में विजय हासिल करेगी।

भाजपा को हराने की मन बना चुकी है जनता

विधानसभा उपचुनाव प्रभारी एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि दतिया की जनता अमन, चैन और शांति के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पूर्व मंत्री को लेकर जनता में अब भी नाराजगी बनी हुई है और मतदाता इस बार भी भाजपा को हराने का मन बना चुके हैं।

भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं

विधायक दिनेश गुर्जर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में यूरिया और डीएपी खाद की कमी बनी हुई है, जिससे किसान महंगी दरों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में विफल रही है।

बैठक में तैयारियों की समीक्षा

बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आगामी दतिया उपचुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से कांग्रेस दतिया उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com