

Narottam Mishra Supporters Heavy Protest: नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट न मिलने से पार्टी के कार्यकर्ता भापजा से नाराज हैं। बता दें कि, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह समेत कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं। दावा तो यह भी किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षदों ने भी इस्तीफा दे दिया है। इससे जिले की भाजपा इकाई में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
वंही दूसरी तरफ नरोत्तम मिश्रा के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सड़क पर लेटकर अपना आक्रोश जताया। वहीं, कुछ समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर चक्का जाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम के चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान समर्थक लगातार डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। उनका कहना था कि भाजपा नेतृत्व अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा को ही पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित करे।
दतिया के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मंजीत सिंह चावला ने बताया कि जिले में छह से अधिक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, जिनमें करीब 150 लोग शामिल हैं। हालात को देखते हुए पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है, जिसके जल्द ही जिले में पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदर्शनकारियों से लगातार संवाद स्थापित कर रही है और आपसी समन्वय के माध्यम से स्थिति को शांतिपूर्ण एवं सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि, डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक पिछले करीब तीन घंटे से ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर बैठे हुए हैं। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्वयं प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति को सामान्य करने और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाने की दिशा में प्रयासरत है। बताया जा रहा है कि यहां पिछले 3 घंटे से जाम लगा हुआ है।
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि यहां सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच में है। कांग्रेस ने अब तक अपना प्रत्याक्षी घोषित नहीं किया है। जिसकी वजह से कयासों का बाजार और भी ज्यादा गरम है।
https://youtu.be/Uy3KdC7F3Os?si=i6v8WQh_P7-we4VI