दतिया उपचुनाव: आज भाजपा-कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशी भरेंगे पर्चा

MP Political News : दतिया विधानसभा उपचुनाव में आज BJP और कांग्रेस के प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। CM मोहन यादव, दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी की मौजूदगी में दोनों दल शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
Datia By Election Nomination
दतिया उपचुनाव (फोटो सोर्स- AI)
Updated on

Datia By Election Nomination: दतिया विधानसभा उपचुनाव सोमवार को नए राजनीतिक दौर में प्रवेश करेगा। भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन कर चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेंगी। दोनों दलों ने नामांकन कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं और प्रदेश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इससे पहले पार्टी की ओर से विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। भाजपा इस आयोजन के माध्यम से संगठन की एकजुटता और चुनावी ताकत का प्रदर्शन करेगी। पार्टी नेताओं का फोकस केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ दतिया में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखने पर रहेगा।

पटवारी और दिग्विजय की मौजूदगी में घनश्याम का नामांकन

वहीं कांग्रेस भी इस मौके को अपनी चुनावी ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देख रही है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सभा में कांग्रेस नेता राज्य सरकार की नीतियों, स्थानीय समस्याओं और दतिया के विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की रणनीति अपनाएंगे।

दोनों दलों ने झोंकी पूरी ताकत

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नामांकन के साथ चुनावी प्रचार अभियान भी पूरी गति पकड़ लेगा। दोनों दलों के हजारों कार्यकर्ताओं के शहर में पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते पूरे दतिया में चुनावी माहौल गर्म हो गया है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।

प्रतिष्ठा की लड़ाई बना ये उपचुनाव

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, दोनों प्रमुख दलों के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि दतिया उपचुनाव अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका है। ऐसे में सोमवार का शक्ति प्रदर्शन और नामांकन कार्यक्रम चुनावी मुकाबले की दिशा तय करने में अहम माना जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com