दतिया उपचुनाव: बीजेपी-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत, सीएम मोहन यादव और जीतू पटवारी के बीच तेज हुई सियासी जंग
BJP vs Congress Datia: दतिया उपचुनाव में BJP और कांग्रेस ने प्रचार तेज कर दिया है। CM मोहन यादव ने BJP प्रत्याशी के समर्थन में सभा की, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभा कर BJP पर हमला बोला।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
सीएम मोहन यादव और जीतू पटवारी का चुनाव प्रचार (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Datia Assembly By Election 2026: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने ग्रामीण इलाकों में प्रचार अभियान तेज कर दिया है। एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नुक्कड़ सभाओं के जरिए भाजपा सरकार पर हमला बोला। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दतिया का चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है।
उदगुवा कृषि मंडी में आयोजित भाजपा की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष को भी पता है कि अब उनकी मेहनत बेकार है। उन्होंने कहा कि ढाई साल तक रुके विकास का बदला लेने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा विकास के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि कांग्रेस धीरे-धीरे देश से गायब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी गरीब और किसानों की सच्ची हितैषी नहीं रही। सीएम ने यह भी कहा कि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जोड़ी दतिया के विकास को नई गति देगी और इसकी शुरुआत मां पीतांबरा के आशीर्वाद से हो चुकी है।
नरोत्तम मिश्रा बोले- यह राजा और रंक का चुनाव
सभा में मौजूद पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुनाव को “राजा और रंक का चुनाव” बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे लोगों को हराना है जो “चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं।” मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को अपना छोटा भाई बताते हुए उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की। सभा में प्रभारी मंत्री एंडल सिंह कंषाना, मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद रहे।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त, 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
Photo: देश के नए शिक्षा मंत्री बने प्रह्लाद जोशी, जानिए उनसे जुड़ी 8 अहम बातें
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भोपाल में NSUI का जश्न… आखिर क्यों सड़क पर उतर आए छात्र? देखें VIDEO
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भूपेंद्र हुड्डा बोले- यह युवाओं के संघर्ष की जीत, सरकार छात्रों से मांगे माफी
जीतू पटवारी ने कांग्रेस के पक्ष में मांगे वोट
दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्रामीण मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही प्रदेश को नई दिशा दे सकती है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जीतू पटवारी का बयान
मीडिया से बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सबसे पहले धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी। पटवारी ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जो घटनाक्रम शुरू हुआ है, वह उसके अंत की शुरुआत है।
जीतू पटवारी का वीडियो हुआ वायरल
दतिया उपचुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कार पर सवार होकर ग्रामीणों के बीच सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। यह चुनाव प्रचार के दौरान उनका दूसरा वायरल वीडियो है। इससे पहले भी वे निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी देते हुए चर्चा में आए थे।
ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को झटका, विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
30 जुलाई को मतदान, सियासी मुकाबला हुआ रोचक
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान 30 जुलाई को होना है। मतदान से पहले भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बड़े नेताओं की सभाएं, नुक्कड़ बैठकें और लगातार हो रहे सियासी हमलों ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। अब सभी की निगाहें मतदान और उसके बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।
