

Accident In Damoh During Fire Stunt: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर गश्त के दौरान आग उगलने का स्टंट कर रहे एक युवक के मुंह और गले में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार दिलाया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम की परंपरा के तहत दमोह शहर में ताजियों की शहर गश्त निकाली जा रही थी। इस दौरान गड़ी मोहल्ले में परंपरा के अनुसार एक बड़ी मशाल जलाई गई, जिसमें लोग तेल डाल रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक मशाल के सामने पेट्रोल मुंह में भरकर आग उगलने का स्टंट कर रहे थे। शुरुआत में यह प्रदर्शन सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद एक युवक के साथ बड़ा हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने तीन बार सफलतापूर्वक आग उगली, लेकिन चौथी बार जैसे ही उसने पेट्रोल मुंह में भरकर मशाल की ओर फूंक मारी, अचानक उसके मुंह में आग भड़क गई। देखते ही देखते आग की लपटें उसके मुंह से बाहर निकलने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बाहरी आग तो बुझा दी, लेकिन पेट्रोल मुंह और गले के भीतर तक पहुंचने के कारण अंदरूनी हिस्सों में भी आग से गंभीर जलन हो गई। इसके बाद युवक को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मध्य प्रदेश के जबलपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से लोगों से धार्मिक आयोजनों के दौरान जोखिम भरे स्टंट से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। यह घटना एक बार फिर ऐसे खतरनाक प्रदर्शनों से जुड़े जोखिमों की ओर ध्यान आकर्षित करती है।