मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 2 दिनों में पहुंचेगा भोपाल-उज्जैन संभाग

MP Rain Alert Today : मानसून की रफ्तार धीमी होने के बावजूद बारिश का दौर जारी है। आज 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2 दिनों में भोपाल-उज्जैन संभाग में मानसून पहुंच सकता है।
MP Monsoon Update
कॉन्सेप्ट इमेज (सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

MP Monsoon Update: मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार एक दिन के लिए धीमी पड़ने के बावजूद बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और अगले दो दिनों के भीतर भोपाल व उज्जैन संभाग के जिलों में इसकी एंट्री हो जाएगी। फिलहाल प्रदेश के 45 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आगर-मालवा और सीहोर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है।

यहां तेज बारिश का अनुमान

विभाग के मुताबिक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर सहित कई जिलों में हल्की से तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है।

इन जिलों में साफ रहेगा मौसम

दूसरी ओर ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई गई है। हालांकि इन क्षेत्रों में भी स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव हो सकता है।

गुरुवार को हुई झमाझम बारिश

गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा शाजापुर में हुई, जहां 51 मिलीमीटर यानी दो इंच से अधिक पानी बरसा। श्योपुर और बालाघाट में भी करीब आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इंदौर, खंडवा, खरगोन, शिवपुरी और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला। वहीं इंदौर प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर 22 अगस्त तक पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

बारिश से गिरा तापमान

बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अब तक अलीराजपुर, इंदौर, धार, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है। एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 52.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 43 प्रतिशत कम है। हालांकि पिछले 24 घंटे में हुई बारिश से वर्षा के आंकड़ों में सुधार दर्ज किया गया है और मौसम विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com