सागर में डॉग स्क्वायड के साथ बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग; मुहर्रम से पहले पुलिस हाई-अलर्ट

Security Tight In Sagar: सागर में मुहर्रम पर हाई-अलर्ट, ताजिया जुलूस से पहले पुलिस कमान का महा-चेकिंग अभियान, डॉग स्क्वायड ने खंगाले स्टेशन व बस स्टैंड, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई।
Sagar police conduct intensive security checks ahead of Moharram
मुहर्रम पर सागर में हाई-अलर्ट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Sagar Moharram Security: मुहर्रम पर्व को लेकर सागर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।

शुक्रवार शाम निकलने वाले ताजिया जुलूस से पहले सागर पुलिस ने शहर में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया। दोपहर के समय पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डॉग स्क्वायड कर रही संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच

अभियान के दौरान डॉग स्क्वायड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थलों, यात्री प्रतीक्षालयों, पार्किंग क्षेत्रों और शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर छोटे-बड़े पहलू पर नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुहर्रम जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

शहर में बढ़ा दी गई गश्त

शहर में लगातार गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमें प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देती है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

अव्यवस्था फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि मुहर्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि मुहर्रम- आस्था, अनुशासन और आपसी भाईचारे का पर्व है। प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से ही यह पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com