दमोह के एक्सीलेंस स्कूल में प्राचार्य पर छात्र को पीटने का आरोप, तीन विद्यार्थियों को थमाई टीसी

Damoh Excellence School Controversy : दमोह के पटेरा एक्सीलेंस स्कूल में प्राचार्य पर छात्र को पीटने का आरोप लगा है। CCTV वीडियो वायरल होने के बाद तीन विद्यार्थियों को टीसी देने का मामला भी सामने आया।
Damoh Excellence School principal accused of beating student
दमोह के स्कूल में छात्र को पीटने का वायरल वीडियोफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Damoh School Principal Viral Video : दमोह जिले के पटेरा विकासखंड स्थित शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में प्राचार्य कमलेश शर्मा पर एक छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

आरोप है कि संबंधित छात्र समेत तीन विद्यार्थियों को खराब आचरण का हवाला देकर स्कूल से टीसी दे दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं।

छात्र को कक्ष से बाहर ले जाते दिखे प्राचार्य

शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV फुटेज में एक छात्र प्रिंसिपल के कक्ष में उनसे बातचीत करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान प्रिंसिपल कमलेश शर्मा अपनी कुर्सी से उठते हैं और छात्र को मारते हुए कक्ष से बाहर ले जाते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल में विद्यार्थियों के साथ किए जाने वाले व्यवहार और अनुशासन के नाम पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक छात्र समेत तीन विद्यार्थियों को दी गई टीसी

मामले में ये भी सामने आया है कि जिस छात्र के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल हुआ उसी छात्र सहित दो अन्य विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। तीनों की टीसी में खराब आचरण का उल्लेख किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि विद्यार्थियों के व्यवहार को लेकर शिकायत होने पर उन्हें समझाइश देने या निर्धारित प्रक्रिया अपनाने के बजाय स्कूल से बाहर करना कितना उचित है। अब जांच में टीसी जारी करने के कारणों और अपनाई गई प्रक्रिया की भी पड़ताल की जाएगी।

प्राचार्य ने मारपीट के आरोपों से किया इनकार

प्राचार्य कमलेश शर्मा ने छात्र के साथ मारपीट करने के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि छात्र अभद्रता कर रहा था इसलिए उसे कक्ष से बाहर निकाला गया। प्राचार्य के मुताबिक तीनों विद्यार्थियों को पहले भी कई बार समझाइश दी गई थी लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इस संबंध में जानकारी दी गई थी और उनके पास इससे जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं।

Damoh Excellence School principal accused of beating student
बीती बातें: यशोधरा-सिद्धार्थ के रिसेप्शन में आई थी इंदिरा गांधी की हार की खबर, राजमाता की आत्मकथा में जिक्र

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। अब शिक्षा विभाग की जांच में CCTV फुटेज, स्कूल प्रिंसिपल का पक्ष, विद्यार्थियों को टीसी देने के कारण और संबंधित प्रक्रिया की पड़ताल होगी। इस मामले में विद्यार्थियों के भविष्य और स्कूल प्रशासन की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।