भोपाल NHM से IT असिस्टेंट गिरफ्तार, फर्जी MBBS डिग्री रैकेट में 5 गिरफ्तारियां, बड़ा नेटवर्क उजागर

NHM IT Assistant Arrest: फर्जी एमबीबीएस डिग्री मामले में अब तक 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इस गिरोह से जुड़े खुलासे लगातार हो रहे हैं। इस बीच भोपाल से आईटी असिस्टेंट आदिल खान को गिरफ्तार किया गया है।
MP Fake MBBS Degree Scam
गिरफ्तार आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

MP Fake MBBS Degree Scam: भोपाल और दमोह में सामने आए फर्जी एमबीबीएस डिग्री मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस पूरे रैकेट में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि तीन आरोपी डॉक्टरों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में एक बड़े नेटवर्क के परत-दर-परत खुलासे हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दमोह के शासकीय आरोग्य केंद्र में फर्जी एमबीबीएस डिग्री के आधार पर नौकरी करने वाले दो डॉक्टरों को पहले गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जबलपुर के संजीवनी हॉस्पिटल से एक और डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई। इसी कड़ी में हीरा सिंह कौशल को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

IT असिस्टेंट आदिल गिरफ्तार

अब इस मामले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) भोपाल से आईटी असिस्टेंट आदिल खान को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को मंगलवार को रिमांड पर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और इनमें से तीन डॉक्टरों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं दो आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है।

आदिल ने खुदको बताया निर्दोष

गिरफ्तार आरोपी आदिल खान ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह सिर्फ एनएचएम की वेबसाइट पर वैकेंसी और आदेश अपलोड करने का काम करता था। उसका दावा है कि उसका इस फर्जी डिग्री रैकेट से कोई संबंध नहीं है और केवल नाम आने के कारण उसे गिरफ्तार किया गया है।

मास्टरमाइंड का दावा

वहीं मास्टरमाइंड बताए जा रहे हीरा सिंह कौशल ने भी खुद को निर्दोष बताया है। उसने कहा कि वह शासकीय अस्पताल में रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत है और उसके सभी दस्तावेज विभाग में जमा हैं। उसने दावा किया कि उसे इस फर्जी डिग्री मामले की जानकारी नहीं थी और उसका नाम गलत तरीके से जोड़ा गया है।

3 आरोपी जेल में, 2 रिमांड पर

दमोह सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि तीन डॉक्टरों को जेल भेज दिया गया है और मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे फर्जी डिग्री नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और जांच के दौरान और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com