

Indore Crime Branch Drug Bust: इंदौर में नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जांच के दौरान मुंबई से संचालित एक संगठित ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें एक इत्र कारोबारी की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने आरोपी अली बाबर उर्फ अरबाज खान को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मुंबई के नागपाड़ा क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह परफ्यूम के व्यवसाय की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी इंदौर में स्थानीय सप्लायर्स और तस्करों के जरिए अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। इस गिरफ्तारी को शहर में सक्रिय बड़े ड्रग सिंडिकेट के पर्दाफाश की दिशा में अहम कड़ी माना जा रहा है।
क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी कई बार इंदौर आ चुका था और यहां के स्थानीय सप्लायर्स के सीधे संपर्क में था। उसके सहयोगी पैडलर नंदकिशोर के पास से 11.02 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान इंदौर पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। सोशल मीडिया एक्टिविटी और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले ने यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि इंदौर में ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क कितनी गहराई तक फैला हुआ है और कितना संगठित हो चुका है।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान एक लग्जरी कार की तलाशी में करीब 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। यह मादक पदार्थ कार के सीलिंग बॉक्स के पास छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा मौके से एक डिजिटल वेटिंग मशीन भी मिली, जिसका इस्तेमाल ड्रग्स को तौलकर बेचने में किया जाता था।