छिंदवाड़ा में भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया का निधन, चलते-चलते गिरे फिर मौत, हार्ट अटैक की आशंका

Chhindwara News : छिंदवाड़ा में भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया का निधन हो गया। वार्ड भ्रमण के दौरान चलते-चलते गिरे, उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
Lokesh Dehariya Death News
पार्षद की मौत (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Lokesh Dehariya Death News: छिंदवाड़ा शहर में एक दुखद घटना सामने आई, जहां नगर निगम वार्ड क्रमांक 47 प्रियदर्शनी कॉलोनी के भाजपा पार्षद और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया (46 साल) का अचानक निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें चलते समय अचानक हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, लोकेश डेहरिया अपने वार्ड क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सिद्धिविनायक रेजीडेंसी के सामने सड़क पर पैदल चलते हुए अचानक असंतुलित होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

CCTV में कैद हुई घटना

पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में लोकेश डेहरिया सड़क पर चलते हुए अचानक गिरते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शहरवासियों में शोक की लहर फैल गई। लोकेश डेहरिया भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और नगर निगम पार्षद के साथ-साथ अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। वे अपने पीछे पत्नी, 13 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे सहित परिवार को छोड़ गए हैं।

हार्ट अटैक क्यों आता है?

हार्ट अटैक तब होता है जब हृदय तक खून पहुंचाने वाली धमनियों में किसी कारण से रुकावट पैदा हो जाती है। इसके कारण हृदय की मांसपेशियों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती और गंभीर स्थिति बन सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ता तनाव, अनियमित खानपान, धूम्रपान, शराब का सेवन, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हार्ट अटैक के प्रमुख जोखिम कारक हो सकते हैं। कई बार बिना किसी बड़े संकेत के भी अचानक हृदय संबंधी समस्या सामने आ सकती है।

हार्ट अटैक से बचाव के उपाय

हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव नियंत्रण जरूरी है। समय-समय पर ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच करानी चाहिए। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, अचानक कमजोरी, अत्यधिक पसीना या बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। शुरुआती समय में इलाज मिलने से गंभीर खतरे को कम किया जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com