खजुराहो: पत्नी के अफेयर के शक में ठेकेदार की हत्या, जीजा-साले ने रची साजिश, कुएं में फेंका शव

Chhatarpur Murder News : खजुराहो में पत्नी के कथित अफेयर के शक में 32 वर्षीय ठेकेदार की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। जीजा-साले ने हत्या कर शव कुएं में फेंका, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Khajuraho Contractor Murder
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Khajuraho Contractor Murder Case: छतरपुर जिले के खजुराहो थाना क्षेत्र में कुएं से मिले 32 वर्षीय ठेकेदार सीताराम पाल उर्फ बबलू के शव के मामले में पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठेकेदार की हत्या पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध के शक में की गई थी। मामले में पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रामहेत प्रजापति की पत्नी मृतक सीताराम पाल के अधीन कार्य करती थी। इसी दौरान रामहेत को संदेह हो गया कि उसकी पत्नी और सीताराम के बीच प्रेम संबंध हैं। पुलिस का कहना है कि इसी शक के चलते रामहेत ने अपने साले कोमल प्रजापति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

हत्या कर कुएं में फेंका शव

योजना के तहत दोनों आरोपियों ने सीताराम को सुनसान स्थान पर बुलाया और उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को लालपुरवा गांव के पास स्थित एक सुनसान कुएं में फेंक दिया। कुछ समय बाद कुएं में शव मिलने की सूचना पर खजुराहो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहराई। इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले सुराग और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल की।

कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेजा

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर रामहेत प्रजापति और उसके साले कोमल प्रजापति से पूछताछ की। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त घटनाक्रम की पुष्टि के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि मामले का खुलासा वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विवेचना पूरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

https://youtu.be/cSWyCQGjMlk?si=awdYeRI6q6F1EEX0

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com