

Youth Allegedly Forced To Touch Feet Chhatarpur: छतरपुर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट करने के साथ-साथ उसे कथित तौर पर जबरन पैर छुलवाते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के दो वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। वीडियो में कुछ युवक एक लड़के के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला मातगुआ थाना क्षेत्र के चौका गांव का है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत किसी मामूली वाद-विवाद को लेकर हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट और कथित रूप से अपमानित करने तक पहुंच गया।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक दूसरे युवक के साथ मारपीट कर रहा है। इसी दौरान पीड़ित युवक से कथित तौर पर जबरन पैर छुलवाए जाते हैं। बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ लड़कों द्वारा इस पूरी घटना के दो अलग-अलग वीडियो बनवाए गए। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही घटना के पीछे की पूरी वजह क्या थी, इसकी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट की गई और उसे कथित तौर पर अपमानित किया गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मामूली विवाद आखिर इतनी बड़ी घटना में कैसे बदल गया? वीडियो किसने बनाए और घटना में कितने लोग शामिल थे? क्या पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत की है? और इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जा रही है?
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है। मातगुआ थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।