छतरपुर में 15 लाख की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख का मशरूका बरामद

Chhatarpur Crime News : छतरपुर के धमोरा में 15 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोने-चांदी के आभूषण और वाहन समेत 24 लाख का मशरूका बरामद किया है।
Chhatarpur Police Action
छतरपुर पुलिस ने किया चोरी का खुलासाफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Chhatarpur Theft Case : छतरपुर पुलिस ने ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धमोरा में हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करने का दावा किया है। 9 सितंबर को विजय सिंह यादव के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

चोरी की वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके अलावा आसपास के निजी मकानों और अन्य स्थानों पर लगे कैमरों के फुटेज भी जांचे गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की और जांच आगे बढ़ाई।

अलीपुरा के आरोपी को किया गिरफ्तार

छतरपुर पुलिस ने जांच के दौरान चरण अहिरवार, निवासी अलीपुरा थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में चार सोने की चूड़ियां, बड़ा हार, छोटा हार, सोने की अंगूठियां सहित अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं।

चोरी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार चोरी के आभूषणों और वाहन समेत कुल करीब 24 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस ने इसे मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार झांसी, निवाड़ी और महोबा सहित अन्य जिलों में आरोपी के खिलाफ चोरी और हत्या के प्रयास जैसे मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

Chhatarpur Police Action
सागर में युवक की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब का संदेह, घर से मिली लिकर बोतल जब्त, जांच के लिए भेजा विसरा

छतरपुर की अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने छतरपुर जिले में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमोरा में हुई चोरी में आरोपी अकेला शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com