छतरपुर में छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ खोला मोर्चा, गर्ल्स टॉयलेट इस्तेमाल करने सहित लगाए गंभीर आरोप

Chhatarpur News : ईसानगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने प्राचार्य पर गर्ल्स टॉयलेट इस्तेमाल करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
Chhatarpur School Principal Girls Toilet Controversy
छात्राओं ने प्रिंसिपल के खिलाफ खोला मोर्चा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Chhatarpur School Principal Allegations: छतरपुर जिले के ईसानगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय की छात्राओं ने प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है। बड़ी संख्या में छात्राएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

छात्राओं का आरोप है कि कई बार मना करने के बावजूद प्राचार्य गर्ल्स टॉयलेट का उपयोग करते हैं। इससे छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है और उनकी निजता प्रभावित होती है। छात्राओं का कहना है कि इस संबंध में कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन प्राचार्य के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

अभद्र व्यवहार और मानसिक दबाव का भी आरोप

ज्ञापन में छात्राओं ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल उनसे अभद्र भाषा में बात करते हैं, अनुचित व्यवहार करते हैं और शिकायत करने पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि इस कारण स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा है और वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

स्कूल स्तर पर नहीं हुई सुनवाई

छात्राओं के अनुसार उन्होंने पहले स्कूल स्तर पर भी इस मामले को उठाने का प्रयास किया था, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद मजबूर होकर छात्राओं ने सीधे जिला प्रशासन की शरण ली और कलेक्टर ऑफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

ये भी पढ़ें : दतिया में उपचुनाव के बाद संगठनात्मक सर्जरी तेज, आज हो सकती है भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

छात्राओं ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक प्राचार्य को विद्यालय से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होता है, जहां छात्राओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो छात्राओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित हो सकता है। फिलहाल जिला प्रशासन ने छात्राओं का ज्ञापन प्राप्त कर लिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन आरोपों की जांच किस तरह करता है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com