छतरपुर में दबंगों पर लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा परिवार

Chhatarpur Crime News : छतरपुर में जमीन विवाद को लेकर परिवार पर लाठी-डंडों और हथियारों से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने SP कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।
Chhatarpur Land Dispute Family Attack
एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंचा पीड़ित परिवार(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Chhatarpur Land Dispute: छतरपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन पर पेड़ काटने और खेत की तारबारी हटाने का विरोध करने पर दबंगों ने परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट की। घटना के बाद दहशत में आए पीड़ित परिवार ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और आरोपियों पर कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की।

मामला ईशानगर रोड स्थित रसुईया-खडगांय क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़ित धनीराम अहिरवार के मुताबिक, कुछ लोग उनकी जमीन पर पहुंचे और वहां लगे पेड़ों को काटने के साथ खेत की तारबारी हटाने लगे। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। धनीराम का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

लाठी-डंडों और हथियारों से हमला करने का आरोप

पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला किया। मारपीट में धनीराम अहिरवार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरोप है कि बेटे को बचाने के लिए पहुंची धनीराम की बुजुर्ग मां के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद परिवार के सदस्यों में भय का माहौल है।

जान से मारने की धमकी देने का आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। परिवार ने बहादुर सिंह, नरेंद्र सिंह, माधो सिंह और शैलू सिंह समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख किया। परिवार ने शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार के सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

ये भी पढ़ें : विश्व आदिवासी दिवस पर खंडवा में निकली विशाल रैली, पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए युवा, दिखी संस्कृति की झलक

कार्रवाई और सुरक्षा की मांग

पीड़ित परिवार का कहना है कि जमीन विवाद के चलते उन्हें लगातार भय में रहना पड़ रहा है। परिवार ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com