छतरपुर में अवैध हथियार बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर रेड, 2 आरोपी गिरफ्तार, UP में सप्लाई कर रहे थे कट्टे

Chhatarpur Police Action: छतरपुर में लवकुशनगर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। देशी कट्टे, अधबने हथियार और उपकरण बरामद।
Chhatarpur Police Action
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते पुलिस अधिकारीफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Chhatarpur Illegal Arms Factory : छतरपुर जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लवकुशनगर पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्राम किशनपुरा और उत्तर प्रदेश के खजुरिया पहरा में संचालित कथित अवैध हथियार निर्माण के दो ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ठिकानों पर अवैध तरीके से देशी हथियार तैयार किए जा रहे थे। छापेमारी में 315 बोर और 12 बोर के देशी कट्टे, अधबने हथियार, हथियारों की नाल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस को अवैध हथियार निर्माण और उनकी सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर लवकुशनगर पुलिस ने पहले मध्यप्रदेश के ग्राम किशनपुरा में दबिश दी। इसके बाद उत्तर प्रदेश के खजुरिया पहरा में भी छापेमारी की गई। दोनों स्थानों से पुलिस ने हथियार निर्माण से जुड़ा सामान बरामद किया। कार्रवाई के बाद अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बनाने का सामान बरामद

छतरपुर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत निवासी किशनपुरा और कामता प्रजापति निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के ठिकानों से 315 बोर और 12 बोर के देशी कट्टे, अधबने हथियार, हथियारों की नाल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे कितने समय से इस अवैध कारोबार में शामिल थे।

MP-UP में होती थी अवैध हथियारों की सप्लाई

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपियों द्वारा तैयार किए गए अवैध हथियारों की मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बिक्री की जाती थी। हालांकि, हथियारों की सप्लाई किन-किन स्थानों पर और किन लोगों को की गई, इसका पूरा खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियार खरीदने वालों, सप्लायर और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Chhatarpur Police Action
भोपाल: वॉटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद भी डटे हैं MBBS इंटर्न डॉक्टर, रातभर सड़क पर रहे, आज OPD का बहिष्कार

आरोपी जीतेंद्र पर पहले से दर्ज हैं दो मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत के खिलाफ पहले से अवैध शराब से जुड़े दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। अब अवैध हथियार निर्माण के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com