Highlights :
छतरपुर में कथित नकली DAP खाद के कारोबार का खुलासा।
पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 730 बोरी खाद बरामद।
वाहन से 80 और अमर गार्डन के गोदाम से 650 बोरी खाद मिली।
DAP Fertilizer Seized : छतरपुर जिले में अवैध और कथित नकली DAP खाद के कारोबार का खुलासा हुआ है। मातगुवां थाना पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक वाहन और गोदाम से कुल 730 बोरी नकली खाद बरामद की है।
मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश रैकवार और अनुराग शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मातगुवां थाना पुलिस को अवैध DAP खाद के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन से 80 बोरी अवैध DAP खाद बरामद हुई। खाद के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक की निशानदेही पर पुलिस को अमर गार्डन स्थित एक गोदाम की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने गोदाम पर छापा मारकर तलाशी ली। जहां से करीब 650 बोरी अवैध DAP खाद बरामद की गई। वाहन और गोदाम से मिली खाद को मिलाकर कुल बरामदगी 730 बोरियों की बताई गई है।
मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश रैकवार और अनुराग शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को आशंका है कि खाद के इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जांच के दौरान खाद की खरीद, भंडारण और परिवहन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
मप्र पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद खाद कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही ये भी जांच की जा रही है कि खाद को आसपास के ग्रामीण इलाकों में बेचने की तैयारी थी या नहीं। बरामद खाद की वास्तविक पहचान और गुणवत्ता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
छतरपुर जिले में खेती के लिए DAP खाद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यदि बाजार में नकली या घटिया खाद बेची जाती है तो किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों पर मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे का बयान भी सामने आया है।