CM मोहन यादव पर लगे आरोपों पर बोले विवेक तनखा, कहा- मुख्यमंत्री खुद दें जवाब, जनता सुनना चाहती है

Mohan Yadav Allegations: कांग्रेस नेता विवेक तनखा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर लगे आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर CM से सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की है।
Vivek Tankha On CM Mohan Yadav
विवेक तनखा और उनकी पोस्ट (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Vivek Tankha On CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर हाल ही में लगाए गए आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री से स्वयं सामने आकर आरोपों पर स्पष्टीकरण देने की मांग की है।

विवेक तनखा ने अपने पोस्ट में कहा कि पिछले तीन दिनों से एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में प्रकाशित हो रहे आरोप सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री को अपनी बात रखने और आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने का विकल्प इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपों को अनसुना करना या नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा, क्योंकि जनता इस मामले में मुख्यमंत्री का पक्ष भी जानना चाहती है।

जनता मुख्यमंत्री को सुनना चाहती है

कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में लिखा कि यदि आरोपों में किसी प्रकार की सच्चाई नहीं है और कथित खरीदारी या अन्य मामलों का मुख्यमंत्री से कोई संबंध नहीं है, तो उन्हें स्वयं सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया सुनना चाहती है और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पार्टी अध्यक्ष द्वारा सफाई देना सही नहीं

तनखा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े व्यक्तिगत या फैमिली बिजनेस मामलों पर पार्टी अध्यक्ष, मंत्री या अन्य नेताओं को सफाई देते हुए सुनना कानूनी या राजनीतिक रूप से सही नहीं है। उनके अनुसार ऐसे मामलों की वास्तविक जानकारी केवल संबंधित व्यक्ति के पास होती है, इसलिए मुख्यमंत्री को ही सीधे जवाब देना चाहिए। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री के पारिवारिक व्यवसाय और उनसे जुड़े मामलों की जानकारी अन्य नेताओं के पास व्यक्तिगत रूप से नहीं हो सकती। ऐसे में किसी भी तरह की शंकाओं या विवादों को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री का स्पष्टीकरण सबसे महत्वपूर्ण होगा।

खंडेलवाल ने आरोपों से किया था इनकार

विवेक तनखा के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े आरोपों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि मुख्यमंत्री या उनकी ओर से अभी तक इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इन आरोपों को सिरे से नकार चुके हैं। उनका कहना था कि इन आरोपों के जरिए सीएम की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com