

Gwalior Watchman Burnt Alive Case: ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मयूर मार्केट के पास एक ऑटो स्टैंड पर चौकीदारी करने वाले युवक को तीन बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी आग की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बेटे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पीएनटी कॉलोनी निवासी आकाश सेंगर मयूर मार्केट स्थित ऑटो स्टैंड पर चौकीदारी करता है। उसके पिता रामचंद्र सेंगर पास ही एक ट्रेवल्स एजेंसी में गार्ड की नौकरी करते हैं। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप बंद होने के बाद रात में बुलेट पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और आकाश से पेट्रोल मांगा। इस दौरान पेट्रोल की कीमत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद एक गार्ड बीच-बचाव के लिए आया तो उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने पास में रखी पेट्रोल की बोतल उठाकर आकाश के ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया और लाइटर से आग लगा दी। आकाश की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता रामचंद्र मौके पर पहुंचे और बेटे को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वे भी आग की लपटों की चपेट में आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बर्न यूनिट में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार आकाश करीब 35 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल आकाश ने आरोपियों में से एक की पहचान डॉली गुर्जर निवासी दुल्लपुर के रूप में की है। पुलिस ने डॉली गुर्जर सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
सीएसपी थाटीपुर सर्किल अतुल सोनी ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ग्वालियर पुलिस फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में लगी हुई है।