इंदौर में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान: राष्ट्रपति का दौरा प्रदेश के लिए गौरव, कांग्रेस पर साधा निशाना

President Draupadi Murmu MP Visit: इंदौर में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मध्यप्रदेश दौरे का स्वागत किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
Indore CM Mohan Yadav Statement
मुख्यमंत्री मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Mohan Yadav Statement: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पांच दिवसीय प्रदेश प्रवास का स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा विकास, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्रों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर के साथ-साथ श्योपुर में चीता परियोजना की सफलता की साक्षी बनेंगी। इसके अलावा वे सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौती से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी। वे ब्रह्मकुमारी संस्था और स्व-सहायता समूहों के कार्यक्रमों में शामिल होकर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगी।

आगे बहुत कुछ करना बाकी है

अपने कार्यकाल के ढाई साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर लगता है कि कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, लेकिन आगे देखने पर अभी बहुत कुछ करना बाकी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और बालाघाट, मंडला तथा डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में विकास को नई दिशा दी गई है।

कई समस्याओं से प्रदेश को मुक्त कराया

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में रही कई समस्याओं से प्रदेश को मुक्त कराने का प्रयास वर्तमान सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने यूनियन कार्बाइड कचरे के निस्तारण, नदी जोड़ो अभियान, जल गंगा संवर्धन अभियान और चीता प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए इन्हें बड़ी उपलब्धि बताया।

चीता प्रोजेक्ट को इंटरनेशनली पहचान मिली

उन्होंने कहा कि चीता परियोजना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश की पहचान मजबूत की है। साथ ही भोजशाला विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखा है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों, पीएम एक्सीलेंस कॉलेज और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश देश के सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्यों में शामिल है।

प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ोतरी

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले ढाई वर्षों में राज्य में सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है और सरकार विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com