ट्विशा शर्मा केस: तेज हुई सीबीआई जांच, पोस्टमार्टम करने वाले एम्स भोपाल के डॉक्टरों से हुई लंबी पूछताछ

CBI Investigation Twisha Case: ट्विशा डेथ केस में CBI जांच तेज हो गई है। एम्स भोपाल के डॉक्टरों से पूछताछ कर अस्पताल पहुंचने के समय ट्विशा की स्थिति और पीएम रिपोर्ट से जुड़े तथ्यों की जांच हो रही है।
Twisha Sharma Death Case Update
ट्विशा शर्मा (फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन)
Published on: 
Updated on: 

Twisha Sharma Death Case Update: बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसी अब मामले की चार्जशीट तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही साक्ष्यों को मजबूत और तथ्यात्मक रूप से प्रमाणित करने के लिए हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को सीबीआई की विशेष टीम ने एम्स भोपाल पहुंचकर डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ से विस्तृत पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार सीबीआई टीम ने उन डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने 12 मई को ट्विशा शर्मा को अस्पताल लाए जाने के बाद उनका उपचार शुरू किया था। एजेंसी का मुख्य फोकस इस बात पर है कि अस्पताल पहुंचने के समय ट्विशा की चिकित्सीय स्थिति क्या थी। जांच अधिकारी यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि क्या ट्विशा उस समय जीवित थीं या उनकी मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

डॉक्टरों के बयान की जांच में अहम भूमिका

सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। सीबीआई ने उपचार से जुड़े रिकॉर्ड, चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और अस्पताल में दर्ज विवरणों की भी जानकारी जुटाई। माना जा रहा है कि डॉक्टरों के बयान मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से पूछताछ

इसके अलावा सीबीआई ने एम्स भोपाल में हुए पहले पोस्टमॉर्टम में शामिल डॉक्टरों से भी विस्तृत पूछताछ की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों और डॉक्टरों के बयानों का मिलान कर साक्ष्यों की पुष्टि की जा रही है। जांच एजेंसी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम करीब तीन घंटे तक अस्पताल परिसर में मौजूद रही।

12 मई को हुई थी ट्विशा की मौत

गौरतलब है कि नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में मौत हो गई थी। पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था, जबकि मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच बाद में सीबीआई को सौंप दी गई थी।

जेल में हैं समर्थ और गिरिबाला

इस मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं। हाल ही में दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया था। फिलहाल सीबीआई गवाहों के बयान, मेडिकल साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर जांच को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com