

Twisha Sharma Death Case Update: भोपाल की ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में मंगलवार को कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो ने अदालत से आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां, सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ाने का अनुरोध किया। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई के पास है और एजेंसी विभिन्न पहलुओं से जांच आगे बढ़ा रही है।
ट्विशा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि सीबीआई ने इस सुनवाई के दौरान किसी भी आरोपी की रिमांड नहीं मांगी। एजेंसी की ओर से केवल न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
सुनवाई के दौरान दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा हुई। अधिवक्ता के अनुसार, रिपोर्ट उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन पर सीबीआई ने अदालत को जानकारी दी कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक एजेंसी को प्राप्त नहीं हुई है। सीबीआई ने यह भी कहा कि यह रिपोर्ट जांच से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इसके मिलने के बाद मामले के कुछ तथ्यों की और स्पष्टता सामने आ सकती है।
मंगलवार को हुई कार्यवाही में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। दोनों आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं और वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में शामिल हुए। अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि सीबीआई की ओर से न्यायिक हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किए जाने के बाद अब इस संबंध में अंतिम निर्णय अदालत को लेना है। मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया दोनों जारी हैं।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की मौत का मामला प्रदेश में काफी चर्चा में रहा है। परिजनों की मांग और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। जांच एजेंसी अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है और विभिन्न दस्तावेजों एवं साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह इस मामले में आरोपी हैं और न्यायिक हिरासत में हैं।