मुरैना में डूबा रपटा, ग्रामीणों ने जोखिम में डाली जान, घायल महिला को खाट पर लेटाकर पार कराई सोन नदी

Morena Flood News : मुरैना के मंकूदा गांव में सोन नदी का रपटा डूबने के बाद घायल महिला को खटिया समेत ट्यूब पर बैठाकर नदी पार कराई गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
Injured woman carried on a cot over a tube to cross the flooded Son River
खाट पर लेटाकर महिला को पार कराई नदीफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Morena Son River Viral Video : मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र में बारिश के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दीपैरा ग्राम पंचायत के मंकूदा गांव में एक घायल महिला को इलाज के लिए ले जाने के दौरान ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर सोन नदी पार करनी पड़ी। पानी से डूबे रपटे के कारण रास्ता बंद था, ऐसे में महिला को खटिया समेत ट्यूब पर बैठाकर नदी पार कराई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मंकूदा गांव सोन नदी के कारण दो हिस्सों में बंटा हुआ है। ग्रामीणों के आवागमन के लिए नदी पर बना रपटा मुख्य रास्ता है, लेकिन लगातार बारिश के बाद यह पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पानी का बहाव तेज होने के कारण ग्रामीणों को ट्यूब के सहारे नदी पार करनी पड़ रही है।

घायल महिला को ऐसे पहुंचाया अस्पताल

जानकारी के मुताबिक मंकूदा गांव निवासी कोकिला कुशवाह घर में गिरने से घायल हो गई थीं। शनिवार सुबह परिजन उन्हें इलाज के लिए कैलारस अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रपटे पर पानी भरा होने के कारण आगे का रास्ता बंद मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को खटिया समेत ट्यूब पर बैठाया और सावधानी से सोन नदी पार कराकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पहले भी ट्यूब से नदी पार करते समय हुआ हादसा

ग्रामीणों का कहना है कि सोन नदी पर बना यही रास्ता अस्पताल, स्कूल, बाजार और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। बारिश के दौरान रपटा डूब जाने से एंबुलेंस और दूसरी आपात सेवाएं भी गांव तक नहीं पहुंच पातीं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले ट्यूब के सहारे नदी पार करते समय एक बच्चा नदी में गिर गया था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।

Injured woman carried on a cot over a tube to cross the flooded Son River
MP Weather Update: 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, धार-बड़वानी में अति भारी वर्षा की चेतावनी

हर साल बारिश में बनती है यही स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी पर ऊंचे और स्थायी पुल के निर्माण की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो और किसी मरीज या ग्रामीण की जान खतरे में न पड़े। फिलहाल घायल महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है, लेकिन मंकूदा गांव के लोगों की परेशानी बरकरार है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी पुल बनने तक उन्हें हर बारिश में इसी तरह जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com