राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप का समापन: NSS भोपाल बना चैंपियन, हर विधानसभा में स्टेडियम बनाने का CM का ऐलान

Mohan Yadav Sports Announcement : भोपाल में राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप-2026 का समापन हुआ। NSS भोपाल चैंपियन बना। CM मोहन यादव ने 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
CM Mohan Yadav Felicitates Winners at Raja Bhoj Multiclass Sailing Championship
राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में सीएम मोहन यादव(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Raja Bhoj Sailing Championship : राजधानी भोपाल के बोट क्लब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में रविवार को राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2026 के तीसरे संस्करण का भव्य समापन हुआ। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग शामिल हुए। प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल (NSS) भोपाल ने पहला स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन स्टेडियम में अलग-अलग खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

खेलों में 16वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा MP

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल पहले तक मध्य प्रदेश देश में खेलों के मामले में 16वें-17वें स्थान पर था, लेकिन अब प्रदेश तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में 18 खेलों की 11 अकादमियां संचालित की जा रही हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों के भविष्य को भी बेहतर बनाया जा सके।

12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप में देशभर के 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 110 रेस आयोजित की गईं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद नेशनल सेलिंग स्कूल (NSS) भोपाल ने पहला स्थान हासिल किया। नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब (NYSC) गोवा दूसरे और सिकंदराबाद तीसरे स्थान पर रहा। विजेता टीम और खिलाड़ियों को समारोह में सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। इनमें कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार शामिल रहे। इसके अलावा फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े और 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम को भी सम्मानित किया गया।

भोपाल में खेल संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब को खेल और पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से भोपाल में खेल संग्रहालय बनाने का आग्रह किया। प्रस्तावित संग्रहालय में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित करने की योजना है। इससे युवा खिलाड़ियों को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और उपलब्धियों से प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

CM Mohan Yadav Felicitates Winners at Raja Bhoj Multiclass Sailing Championship
72 घंटे पानी में बैठा किसान, जमीन बचाने की जंग में मचा हड़कंप, कलेक्टर ने खत्म कराया जल सत्याग्रह

'वंदे मातरम्' को लेकर कांग्रेस पर बरसे CM

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से 'वंदे मातरम्' को मिले सम्मान का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने इस पवित्र दिन को कलंकित करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से पूरे देश से तत्काल माफी मांगने की मांग की। खेल आयोजन के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान भी राजनीतिक चर्चा का विषय रहा।

Navbharat Live
navbharatlive.com