राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 5 दिवसीय MP दौरा प्रस्तावित, बैतूल से कूनो तक कई अहम कार्यक्रमों में होंगी शामिल
President MP Tour : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 22 जून तक बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर और कुनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगी। योग दिवस, आदिवासी महासम्मेलन और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
President Droupadi Murmu MP Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 18 से 22 जून तक मध्यप्रदेश का पांच दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बैतूल, खंडवा (ओंकारेश्वर), जबलपुर और श्योपुर जिलों में आयोजित धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी विभिन्न कार्यक्रमों में उनके साथ मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति 18 जून को बैतूल पहुंचेंगी। यहां लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ विषयक विशाल आदिवासी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में वे जनजातीय समाज को संबोधित करेंगी। उनके आगमन को देखते हुए जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग दर्शन और सिकल सेल कार्यक्रम
राष्ट्रपति 18 और 19 जून को ओंकारेश्वर में प्रवास करेंगी। इस दौरान वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होंगी। 19 जून को सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। दो दिवसीय प्रवास के दौरान उनका रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर बांध परियोजना के विश्रामगृह में प्रस्तावित है। दौरे के मद्देनजर सड़क, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
राज्यसभा नामांकन विवाद: कांग्रेस का आज से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन, भाजपा कार्यालयों का होगा घेराव
सीधी में तहसीलदार पर सुविधा शुल्क लेने और मनमानी के आरोप, कहा- ऊपर तक चले जाओ, मुझसे कोई मतलब नहीं
उज्जैन: जमीन विवाद में रिश्ते तार-तार, सगे भाई-बहन पर किया लाठी से जानलेवा हमला, एक ही परिवार के 6 लोग घायल
गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक सड़क चौड़ीकरण शुरू, 60 फीट चौड़ी सड़क के लिए नगर निगम ने की रिमूवल कार्रवाई
श्योपुर में कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण
21 जून को राष्ट्रपति श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी। यहां वे पार्क का भ्रमण करेंगी और रात्रि विश्राम भी करेंगी। 22 जून की सुबह वे कूनो सफारी का आनंद लेने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा कराहल-विजयपुर क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
जबलपुर में योग दिवस और दीक्षांत समारोह
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उनकी उपस्थिति प्रस्तावित है। समारोह में सैकड़ों विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियां प्रदान की जाएंगी। लंबे समय बाद किसी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति विशेष महत्व रखती है।
ये भी पढ़ें : राज्यसभा नामांकन विवाद: कांग्रेस का आज से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन, भाजपा कार्यालयों का होगा घेराव
अलर्ट मोड पर प्रशासन
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को राष्ट्रपति दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हेलीपैड, चिकित्सा, फायर ब्रिगेड, पेयजल, स्वच्छता, एम्बुलेंस और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रपति का यह दौरा मध्यप्रदेश के लिए प्रशासनिक, सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
