

Police Commissioner Sanjay Kumar Statement On Samarth Singh Interrogation: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी समर्थ सिंह से लगातार गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके बयानों की बारीकी से जांच कर रही है और सभी तथ्यों का क्रॉस वेरिफिकेशन भी किया जा रहा है।
भोपाल पुलिस के अनुसार जांच के हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है जिससे मामले से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके और सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार पूछताछ में सामने आए हर पहलू की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी अक्सर खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी देने की कोशिश करता है, इसलिए उसके प्रत्येक बयान को तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर परखा जा रहा है। पुलिस डिजिटल एविडेंस, कॉल डिटेल और अन्य सबूतों की मदद से बयानों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि मामले की वास्तविकता सामने लाई जा सके।
जांच के तहत पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की है। पुलिस टीम उनके घर पहुंची और मामले से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई। इसके साथ ही समर्थ सिंह की बैंक डिटेल, कॉल रिकॉर्ड और फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर रुका और किसने उसकी मदद की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में सीसीटीवी फुटेज से किसी तरह की छेड़छाड़ सामने नहीं आई है। वहीं मामले की सीबीआई जांच को लेकर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जैसे ही शासन स्तर से सीबीआई को केस सौंपने के निर्देश मिलेंगे, पूरी केस डायरी एजेंसी को उपलब्ध करा दी जाएगी। इस हाईप्रोफाइल मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है और पुलिस हर एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है।